फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया में कल्पवासियों एवं स्नानार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। गंगा स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए 1 जनवरी से गंगा घाटों पर बैरीकटिंग लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी देते हुए मेला लिपिक संजय मिश्रा ने बताया कि स्नान के समय भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैरीकटिंग लगने से स्नानार्थियों को निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की सुविधा मिलेगी, जिससे अव्यवस्था और हादसों की आशंका कम होगी।
उन्होंने बताया कि गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए गोताखोरों, पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही मेला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु या कल्पवासी को कोई समस्या न हो।
मेला प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी, जिससे मेला रामनगरिया में आने वाले कल्पवासी और स्नानार्थी सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से गंगा स्नान कर सकें।





