फर्रुखाबाद। आस्था और श्रद्धा के महापर्व मेला श्री रामनगरिया में जहां दूर-दराज से श्रद्धालु गंगा स्नान एवं मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं, वहीं अव्यवस्थाएं उनकी श्रद्धा पर भारी पड़ती नजर आ रही हैं। मेला क्षेत्र में वाहन स्टैंड का ठेका उठ चुका है, इसके बावजूद अभी तक ठेकेदार द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट नहीं लगाई गई है, जिससे अवैध वसूली का खेल खुलेआम चल रहा है।
जानकारी के अनुसार वाहन स्टैंड पर तैनात कर्मचारी मनमाने तरीके से वाहन स्वामियों और श्रद्धालुओं से पैसे वसूल रहे हैं। दोपहिया, चारपहिया सहित अन्य वाहनों से अलग-अलग दरों पर शुल्क लिया जा रहा है, जबकि कहीं भी अधिकृत शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं की गई है। इससे श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि जब रेट लिस्ट पूछी जाती है तो कर्मचारी टालमटोल करते हैं या अभद्रता पर उतर आते हैं। यह न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि मेले की छवि को भी धूमिल कर रहा है। अवैध वसूली की यह प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के खिलाफ है।
प्रशासनिक नियमों के अनुसार मेला क्षेत्र में ठेकेदार को स्पष्ट और पढ़ने योग्य रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होता है, ताकि किसी भी श्रद्धालु से अधिक शुल्क न लिया जा सके। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते ठेकेदार और उसके कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से रेट लिस्ट लगवाई जाए, अवैध वसूली कर रहे कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो और वाहन स्टैंड व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here