अयोध्या| 25 नवंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर ध्वज पताका फहराएंगे। समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया गया है। इसी कड़ी में यूपी पुलिस भी इस बार एक बिल्कुल नए और विशेष अंदाज़ में दिखाई देगी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के आखिरी सुरक्षा घेरे में शामिल यूपी पुलिस, पीएसी और एसएसएफ के लगभग 250 जवान सूट-बूट के आकर्षक परिधान में तैनात रहेंगे, जिसके लिए विशेष ड्रेस तैयार कराई जा रही है। इन जवानों के लिए गहरे नीले रंग का कोट, आसमानी नीले रंग की शर्ट और ग्रे रंग की पैंट ऑर्डर पर बनवाई जा रही है, जिससे उनकी उपस्थिति और भी प्रभावशाली दिखाई देगी।
चयनित जवानों में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल होंगे, जिनका चयन खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन और अन्य शारीरिक व पेशेवर मानकों के आधार पर किया जा रहा है। यह विशेष ड्रेस न केवल वीवीआईपी सुरक्षा मानकों को दर्शाएगी, बल्कि जवानों में आत्मविश्वास और एकरूपता भी बढ़ाएगी। इस कार्यक्रम में कुल मिलाकर लगभग 15 हजार सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा। पीएम की सुरक्षा व्यवस्था पांच स्तरीय होगी—पहले स्तर पर एसपीजी, दूसरे पर एनएसजी, तीसरे पर एटीएस, चौथे पर सीआरपीएफ और आखिरी व पांचवें स्तर पर यूपी पुलिस, पीएसी व एसएसएफ के जवान सुरक्षा संभालेंगे।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज अयोध्या पहुंचकर पूरे कार्यक्रम की उच्च स्तरीय समीक्षा करेंगे। वह राम मंदिर परिसर में अब तक की समस्त तैयारियों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। शिखर पर ध्वज फहराए जाने के साथ ही राम मंदिर के निर्माण कार्य को पूर्ण मान लिया जाएगा, जिसके बाद पूरे परिसर में दर्शन और प्रवेश व्यवस्था खोलने की तैयारी है। वर्तमान में केवल गर्भगृह और प्रथम तल तक ही दर्शन की अनुमति है।
ध्वजारोहण समारोह में देशभर के लगभग आठ हजार से अधिक संत-महंत, वीवीआईपी और विशेष अतिथियों के आने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर परिसर में दो बड़े खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अतिथि देवो भव: की भावना के साथ सभी मेहमानों के ठहरने, भोजन और परिवहन की व्यापक और उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस बीच डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने साकेत कॉलेज स्थित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया और वहां रंगाई-पुताई, सुरक्षा घेरा और बाउंड्रीवाल की मरम्मत संबंधी निर्देश जारी किए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।





