– सत्यमोहन पाण्डेय, चंद्रशेखर कटियार, सुरेश त्रिवेदी सहित पहुंचे गणमान्य
कानपुर| कानपुर स्थित गंगा वैली में आयोजित आशीर्वाद समारोह में फर्रुखाबाद से बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक, पत्रकारिता और चिकित्सकीय जगत की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। समारोह में पहुंचकर सभी गणमान्य लोगों ने सांसद रमेश अवस्थी के पुत्र सचिन अवस्थी एवं पुत्रवधू नूपुर अवस्थी को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
समारोह में फर्रुखाबाद विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक सुशील शाक्य के अलावा वरिष्ठ पत्रकार सत्यमोहन पाण्डेय, सुरेश त्रिवेदी एवं चंद्र शेखर कटियार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त सहारा फर्रुखाबाद प्रमुख अरुण कटियार, जितेंद्र दीक्षित, फिरोज खां, डॉ प्रदीप गोस्वामी, अखिलेश शर्मा, आमोद तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ के.एम. द्विवेदी सहित फर्रुखाबाद जनपद से बड़ी तादात में गणमान्य लोग समारोह में पहुंचे।
फर्रुखाबाद से इतनी बड़ी संख्या में लोगों की गंगा वैली में उपस्थिति इस बात की गवाह बनी कि सांसद रमेश अवस्थी और उनका परिवार आज भी अपने गृह जनपद से गहरे भावनात्मक और सामाजिक रूप से जुड़े हुए हैं। समारोह के दौरान फर्रुखाबाद का नाम बार-बार चर्चा में रहा, जिससे यह आयोजन एक पारिवारिक कार्यक्रम से आगे बढ़कर सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, अगला आशीर्वाद समारोह फर्रुखाबाद के अमृतपुर स्थित सांसद रमेश अवस्थी के पैतृक गांव नगला हूसा में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यदि यह कार्यक्रम होता है, तो माना जा रहा है कि फर्रुखाबाद में एक बार फिर भव्य सामाजिक समागम देखने को मिलेगा।
कानपुर गंगा वैली का यह आशीर्वाद समारोह न केवल पारिवारिक खुशी का अवसर रहा, बल्कि इसने फर्रुखाबाद और कानपुर के बीच सामाजिक व भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूती प्रदान की।





