– जय श्रीराम के जयकारों से गूंजी अपराकाशी
फर्रुखाबाद। राम नवमी के पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
फर्रुखाबाद जिसे अपरकाशी के पौराणिक महत्व से जोड़ा जाता है यहाँ के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर, मठिया देवी मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया।
मंदिर परिसरों में “जय श्रीराम” और “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
रामनवमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन, रामायण पाठ और विशेष आरती का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कुछ स्थानों पर भगवान श्रीराम की झांकियों के साथ शोभायात्राएं भी निकाली गईं, जिसने पूरे शहर में उत्सव का माहौल और भी भव्य बना दिया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब मंदिरों में लगी लंबी कतारें


