रामनगरी में भक्ति का सागर उमड़ा,पंचकोसी परिक्रमा में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की दौड़

0
23

अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या शनिवार की भोर से ही भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई। सुबह चार बजकर दो मिनट पर शुभ मुहूर्त में पंचकोसी परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र परिक्रमा प्रारंभ की। पूरी रामनगरी में भक्ति का उत्सव दिखाई दे रहा है।

करीब 15 किलोमीटर लंबी परिक्रमा यात्रा भोर से लेकर रात दो बजकर 57 मिनट तक चलेगी। देशभर के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु भगवान श्रीराम की पावन भूमि की परिक्रमा कर रहे हैं। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति के साथ परिक्रमा पथ पर चलकर विश्वास की अद्भुत मिसाल पेश की है।

पूरे मार्ग पर मंदिरों में भजन-कीर्तन, राम नाम संकीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन हो रहा है। “जय श्रीराम” के नारों से पूरा नगर गूंज रहा है और हर ओर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती, ड्रोन कैमरों से निगरानी, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई है।

हाल ही में संपन्न हुई चौदह कोसी परिक्रमा की सफलता के बाद पंचकोसी परिक्रमा ने एक बार फिर अयोध्या को भक्तिमय बना दिया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, पंचकोसी परिक्रमा मोक्षदायिनी मानी जाती है—यह न केवल पापों का नाश करती है, बल्कि श्रद्धालुओं के जीवन को पवित्र और कल्याणकारी बनाती है।

रामनगरी में आस्था और भक्ति का यह संगम हर श्रद्धालु के हृदय में अमिट छाप छोड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here