फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के डबरी गांव में स्थित पुराने रामगंगा पुल की मरम्मत का कार्य अंततः शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस पुल पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मंगलवार से पुनर्निर्माण कार्य आरंभ कराया है। काम शुरू होते ही पुल पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है, ताकि मरम्मत के दौरान भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद न हो और मार्ग खुला रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुल महीनों से खराब स्थिति में था, लेकिन करीब 15 दिन पहले बड़ा हादसा होने से इसका खतरनाक रूप पूरी तरह उजागर हो गया। मक्का से भरा एक भारी ट्रक अचानक पुल की टूटी हुई रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे लटक गया था। गनीमत रही कि ट्रक गिरा नहीं, लेकिन घटना के बाद पुल की कमजोर हालत सबके सामने आ गई। पुल पर जगह-जगह एक दर्जन से अधिक गड्ढे बन चुके थे, जिनसे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई थी।
मरम्मत कार्य के दौरान पीडब्ल्यूडी ने पुल के बीच में बड़े पत्थर और बैरिकेड लगाकर वाहनों को एक तरफ से निकाला जा रहा है। इससे पुल पर लगातार रहने वाला दबाव कम होकर सुरक्षित आवाजाही संभव हो पा रही है। लेकिन वन-वे लागू होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन रही है।जाम से निपटने और यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस लाइन से आठ पुलिसकर्मियों को विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया है। ये जवान बड़े और छोटे वाहनों को बारी-बारी से नियंत्रित कर मार्ग खाली कराते हैं, ताकि पुल पर भीड़ और अव्यवस्था न बढ़े।राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि रामगंगा पुल की मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और पीडब्ल्यूडी टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों की तैनाती इसलिए की गई है ताकि पुल पर किसी तरह की बाधा न आए और आमजन को बिना परेशानी आवागमन की सुविधा मिलती रहे। उन्होंने कहा कि मरम्मत पूरा होने तक वन-वे यातायात प्रणाली लागू रहेगी।






