शाहजहांपुर: फिल्म अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अपने जन्मस्थान शाहजहांपुर के कुंडरा पहुंचे। उनके आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि अदालत से राहत मिलने के बाद वह सीधे अपने गृह जनपद पहुंचे, जहां परिजनों और चाहने वालों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव में उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कानून पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में परिवार और प्रशंसकों का साथ उन्हें हिम्मत देता है।राजपाल यादव ने अपने फैंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अब पूरी तरह अपने काम पर ध्यान देंगे और दर्शकों का मनोरंजन करते रहेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वह हमेशा अपनी मिट्टी से जुड़े रहे हैं और समय-समय पर शाहजहांपुर आते रहे हैं। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


