लखनऊ। प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया इस समय सुर्खियों में हैं। राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह और बेटी राघवी कुमारी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। भानवी सिंह ने राजा भैया के हथियारों की कई फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। इसी बीच दशहरा के अवसर पर राजा भैया ने सैकड़ों असलहों के साथ शस्त्र पूजन किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
कुंडा स्थित अपने बेंती महल में राजा भैया ने पारंपरिक शस्त्र पूजन किया, जिसमें उनके सामने करीब 300 से अधिक देशी और विदेशी असलहा सजाए गए थे। इन हथियारों में पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूकें, राइफल और थर्टी कारबाइन समेत अन्य शामिल थे। वीडियो में राजा भैया इन हथियारों के साथ पूजन करते दिखे।
इस मामले में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी राजीव कृष्ण को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। ठाकुर ने कहा कि वीडियो में दिख रहे इतने सारे हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन आर्म्स एक्ट 1959 और आर्म्स रूल 1962 के उल्लंघन का मामला हो सकता है। उन्होंने वीडियो में दिखाई दे रहे तथ्यों की विस्तृत जांच और कार्रवाई की मांग की।
राजा भैया ने खुद बयान देते हुए कहा कि ये सभी हथियार उनके हैं, और समर्थकों के हथियार भी उन्हीं के हैं। पिछले दिनों उनकी पत्नी द्वारा हथियारों के फोटो शेयर किए जाने के बाद राजा भैया ने शस्त्र पूजन का यह बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। इसे उनके और भानवी कुमारी के बीच चल रहे विवाद में जवाब का रूप माना जा रहा है।





