औरैया। होली पर्व से पहले मिठाइयों के बाजार में बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। बुधवार दोपहर दिबियापुर क्षेत्र के कसहा गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लार्ड कृष्णा स्वीट्स के कारखाने पर छापा मारा। मौके से 15 क्विंटल से अधिक पाउडर से तैयार किया गया संदिग्ध छेना और पनीर बरामद हुआ, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए जब्त कर नष्ट कराया गया।
कार्रवाई एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार की मौजूदगी में की गई। टीम ने पहले गांव में घेरेबंदी कर कई स्थानों पर पुलिस तैनात की, ताकि कोई माल इधर-उधर न किया जा सके। जैसे ही टीम कारखाने पहुंची, वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि कुछ कर्मचारी तैयार माल को छिपाने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने सख्ती दिखाते हुए पूरे परिसर की तलाशी ली।
प्राथमिक जांच में पाया गया कि बड़ी मात्रा में छेना और पनीर केमिकल युक्त पाउडर से तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि बरामद माल को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कस्बे के बंबा क्षेत्र में ले जाकर नष्ट कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर कार्रवाई को रिकॉर्ड किया। भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी।
फैक्ट्री में तैयार अन्य मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार यह कारखाना लंबे समय से संचालित था और यहां से तैयार मिलावटी छेना-पनीर आसपास की दुकानों और आयोजनों में सस्ते दामों पर सप्लाई किया जाता था। प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सेहत पर खतरा, डॉक्टरों की चेतावनी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर के प्रभारी डा. विजय आनंद ने बताया कि शुद्ध छेना दूध फाड़कर बनाया जाता है, जिसमें प्रोटीन और ग्लूकोज प्रचुर मात्रा में होता है। लेकिन यदि इसे केमिकल युक्त पाउडर से तैयार किया जाए तो यह शरीर के लिए गंभीर नुकसानदेह हो सकता है। ऐसे उत्पादों के सेवन से लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और अन्य अंगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल विश्वसनीय दुकानों से ही दूध से बना शुद्ध छेना-पनीर खरीदें।
प्रशासन ने मिठाई विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है कि मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। होली के मद्देनजर आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


