नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है और उन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डरने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि “पीएम मोदी, ट्रंप से डरते हैं। उन्होंने ट्रंप को यह एलान करने दिया कि भारत अब रूसी तेल नहीं खरीदेगा, जबकि बार-बार की अनदेखी के बावजूद बधाई संदेश भेजे जाते हैं।”
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि वित्त मंत्री का अमेरिकी दौरा रद्द कर दिया गया और पीएम मोदी शर्म अल शेख नहीं गए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया, लेकिन पीएम मोदी ने चीन के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। इसके साथ ही उन्होंने भारत की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि “हमारी विदेश नीति पूरी तरह विफल हो चुकी है। पीएम मोदी को संसद को विश्वास में लेकर आम सहमति बनानी चाहिए।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी अमेरिकी दावों को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “भारत सरकार के फैसलों की घोषणा राष्ट्रपति ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में करते हैं। यहां से तारीफ, वहां से टैरिफ। प्रधानमंत्री ट्रंप की तारीफ में ट्वीट करते हैं, लेकिन अमेरिका भारत पर टैरिफ लगा देता है। अगर रूस से तेल न खरीदने का निर्णय लिया गया है तो प्रधानमंत्री को इसकी घोषणा करनी चाहिए।”
महिलाओं के अधिकारों को लेकर भी राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के दौरे के दौरान महिला पत्रकारों को मंच पर प्रवेश न दिए जाने की घटना का जिक्र किया और कहा, “श्रीमान मोदी, जब आप महिला पत्रकारों को सार्वजनिक मंच से बाहर रखने की अनुमति देते हैं, तो आप भारत की हर महिला को यह बता रहे हैं कि आप उनके लिए खड़े होने में कमजोर हैं। आपकी चुप्पी नारी शक्ति पर आपके नारों की खोखलेपन को उजागर करती है।”





