नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशी राम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी यह मांग उठाते हुए कहा कि मान्यवर कांशीराम ने देश में सामाजिक न्याय और बहुजन चेतना को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से जागरूक कर लोकतंत्र को मजबूत किया।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा कि देश में सामाजिक समानता और न्याय के लिए कांशीराम का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है, इसलिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि कांशीराम बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता थे और उन्होंने बहुजन समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके नेतृत्व में सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा मिली और देश की राजनीति में बहुजन विचारधारा को मजबूत पहचान मिली।
अब राहुल गांधी की इस मांग के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या केंद्र सरकार कांशीराम को भारत रत्न देने पर विचार करेगी।


