नई दिल्ली: लोकसभा (Lok Sabha) में गुरुवार का दिन भी हंगामेदार रहा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मिडिल ईस्ट संकट पर अपनी बात रखने के दौरान एपस्टीन फाइल्स का जिक्र छेड़ दिया। इसके बाद संसद में बवाल मच गया और जमकर नारेबाजी हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की बुनियाद उसकी ऊर्जा सुरक्षा होती है। अगर अमेरिका यह तय करे कि हम रूस से गैस या तेल खरीद सकते हैं या नहीं, तो यह समझ से परे है। मैं समझने की कोशिश कर रहा हूं कि यह पहेली क्या है और यह समझौते से जुड़ी लगती है। तेल मंत्री खुद कह चुके हैं कि वे एपस्टीन के दोस्त हैं।
राहुल गांधी ने लोकसभा में गुरुवार को एलपीजी संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘अभी तो दर्द की शुरुआत हुई है। रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं, एलपीजी को लेकर घबराहट है और सड़क किनारे के विक्रेता प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि तेल मंत्री खुद कह चुके हैं कि वे एपस्टीन के दोस्त हैं। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। स्पीकर बिरला ने राहुल को टोका,’जिस विषय पर नोटिस दिया है उस पर बोलिए। इस पर बोलना है तो नोटिस दीजिए। इतना कहते ही विपक्ष के सांसद हंगामा करने लगे। बिरला ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी से बोलने को कहा- पुरी ने जैसे ही बोलना शुरू किया एपस्टीन-एपस्टीन के नारे लगे।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने हरदीप पूरी के बयान के बाद विपक्ष के नेता और विपक्ष को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने एलपीजी की कमी के मुद्दे पर नोटिस दिया था। नोटिस मेरे हाथ में है, मैंने उन्हें इस पर बोलने की अनुमति दी। प्रतिपक्ष का जिम्मेदार नेता होने के बावजूद इस तरह का आचरण ठीक नहीं है। नोटिस किस बात का देते हो और किस बात पर बोलते हो।
लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘पिछले पांच दिनों में, रिफाइनरी के निर्देशों के तहत LPG उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी हुई है और असल में आगे की खरीद चल रही है। मोदी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि भारत के 33 करोड़ परिवारों, खासकर गरीबों और जरूरतमंदों की रसोई में किसी भी तरह की कमी न हो। लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘यह अफवाह फैलाने या झूठी बातें करने का समय नहीं है।


