नई दिल्ली। संसद परिसर में मंगलवार को उस वक्त सियासी तापमान अचानक बढ़ गया, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आमने-सामने आ गए। मकर द्वार पर कांग्रेस सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई इस मुलाकात ने देखते-देखते तीखी जुबानी जंग का रूप ले लिया। दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
घटना के दौरान राहुल गांधी ने बिट्टू को देखकर हाथ मिलाने की पेशकश की और व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आ जाओगे।” राहुल गांधी की इस टिप्पणी को कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए तुरंत पलटवार किया और राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” बता दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना उस समय हुई, जब कांग्रेस सांसद संसद परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान बिट्टू वहां से गुजर रहे थे और दोनों नेताओं की नजरें मिलते ही माहौल गरमा गया। आसपास मौजूद सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला, जिससे मामला आगे नहीं बढ़ा।
राजनीतिक गलियारों में इस टकराव को आगामी चुनावी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है। रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और बाद में भाजपा में शामिल हुए, जिसको लेकर कांग्रेस नेतृत्व समय-समय पर निशाना साधता रहा है। वहीं भाजपा की ओर से राहुल गांधी पर देशविरोधी बयान देने के आरोप पहले भी लगाए जाते रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here