फर्रुखाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल अब महज शोपीस बनकर रह गए हैं। थाना कादरी गेट क्षेत्र के अंतर्गत कादरी गेट तिराहे पर स्थापित रेड लाइट का वाहन चालक खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। रेड लाइट जलने के बावजूद धड़ल्ले से वाहनों की आवाजाही जारी रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर देर शाम तक तिराहे पर यही स्थिति बनी रहती है। दोपहिया, चारपहिया वाहन ही नहीं, बल्कि ई-रिक्शा और ऑटो चालक भी रेड लाइट की अनदेखी कर तेज गति से निकलते नजर आते हैं। इससे राहगीरों को सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हैरानी की बात यह है कि कादरी गेट तिराहे पर दिन के समय थाना कादरी गेट के दो होमगार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद वाहन चालकों पर उनका कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता। होमगार्ड मौके पर मौजूद तो रहते हैं, लेकिन न तो चालकों को रोका जा रहा है और न ही नियम तोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई होती दिख रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पुलिस बल की मौजूदगी में ही यातायात नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है, तो आम दिनों में स्थिति कैसी रहती होगी।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि कई बार रेड लाइट के उल्लंघन के कारण टकराव की स्थिति बन चुकी है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सड़क पार करते समय भयभीत रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कादरी गेट तिराहे पर यातायात पुलिस की सक्रिय तैनाती की जाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त चालान की कार्रवाई की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here