सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अफसरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हड़कंप मचा दिया है। रेखा वर्मा ने टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता पर सीधे आरोप
रेखा वर्मा ने अपने पत्र में PWD के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय अफसर चहेती फर्म को लगभग 20 करोड़ रुपये का टेंडर दिलाने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए नियमों को दरकिनार किया जा रहा है।
मामला महसुनिया, वजीरनगर और बर्मी रोड के चौड़ीकरण कार्य से जुड़ा है। इस परियोजना के लिए कुल 7 फर्मों ने ई-टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया है। आरोप है कि इनमें से कुछ योग्य फर्मों को जानबूझकर अनफिट घोषित कर बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मनचाही कंपनी को ठेका दिया जा सके।
भाजपा की वरिष्ठ पदाधिकारी द्वारा अपनी ही सरकार के विभाग पर लगाए गए इन आरोपों के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री कार्यालय के अगले कदम और संभावित जांच पर टिकी हुई है।




