मुंबई: पुणे पुलिस (Pune police) ने रविवार को फिल्म निर्माता Rohit Shetty के मुंबई स्थित आवास पर गोलीबारी के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। हमलावरों ने मुंबई के जुहू इलाके में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रात करीब 12.45 बजे गोलीबारी की। हिरासत में लिए गए पांचों व्यक्तियों की पहचान सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशंकर पोमाजी, स्वप्निल बंदू सकत, अमन आनंद मारोठे और आदित्य ज्ञानेश्वर गायके के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संभाजी कदम ने बताया, “पुणे पुलिस ने इन व्यक्तियों को धायरी, वारजे और करवे नगर इलाकों से ढूंढकर मुंबई पुलिस को सौंप दिया।” उन्होंने आगे कहा, “मुंबई पुलिस की टीम आगे की जांच कर रही है। यह पता लगाने के लिए भी जांच चल रही है कि क्या उनका किसी गिरोह से कोई संबंध है।”
एक अधिकारी ने बताया कि यह तुरंत पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय फिल्म निर्माता अपने आवास पर मौजूद थे या नहीं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने इमारत पर चार राउंड गोलियां चलाईं, और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस के जवान और क्राइम ब्रांच की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उन्होंने आगे बताया कि इमारत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


