-नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर विकास भवन में लगी प्रदर्शनी
देवेश कुशवाहा फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। “नव निर्माण के नौ वर्ष विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश” थीम के अंतर्गत विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करती आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं चेक वितरित किए गए। हेल्प डेस्क के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया गया।
टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है, जिससे लगभग 60 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार और पेंशन योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नवनिर्माण के ये नौ वर्ष उत्तर प्रदेश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाने वाले महत्वपूर्ण वर्ष साबित हो रहे हैं। वही जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं सौम्या, निधि, जन्नत और राधा को प्रशस्त्री पत्र देकर सम्मानित किया। उमाकांत विश्वकर्मा को विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जबकि डम्बर सिंह एवं राधे श्याम को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां सौंपी गईं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, बीएसए आशीष पांडे, परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, पिछडा वर्गकल्याण अधिकारी केएम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


