21.8 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

दीपू चन्द्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में उबाल, गौ रक्षक दल ने निकाला पैदल मार्च

Must read

अमृतपुर फर्रुखाबाद: दीपू चन्द्र दास (Dipu Chandra Das) की निर्मम हत्या (murder) के विरोध में गुरुवार को अमृतपुर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने अमृतपुर बाजार से लेकर अमृतपुर तहसील तक पैदल मार्च निकालकर घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं में गहरा रोष दिखाई दिया और वातावरण नारेबाजी से गूंज उठा।

पैदल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “बांग्लादेशी होश में आओ”, “मोहम्मद यूनुस मुर्दाबाद”, “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने हत्या को मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। मार्च अमृतपुर तहसील गेट पर पहुंचकर प्रदर्शन में तब्दील हो गया, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से जूता-चप्पलों की बरसात करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दीपू चन्द्र दास की हत्या न केवल एक व्यक्ति की हत्या है, बल्कि यह समाज की शांति और सौहार्द पर हमला है। उन्होंने केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय मंचों से इस मामले का संज्ञान लेने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राष्ट्रवादी शिवम अवस्थी, गौरक्षक अभय चौहान, सनातनी अनमोल पांडेय, पीयूष राष्ट्रवादी, अंशुल यादव, अंकित अवस्थी, शिवम पाठक, मयंक, अनुराग, राष्ट्रवादी सौरभ, कुलदीप चौहान, सुमित सहित बड़ी संख्या में गौ रक्षक दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन आक्रोश का स्वर साफ तौर पर देखने को मिला।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article