फर्रुखाबाद: महिलाओं की समस्याओं के समाधान को लेकर विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई (women’s public hearing) एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ की सदस्या सुनीता सैनी के आगमन पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 70 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। जनसुनवाई के दौरान 11 महिलाओं ने अपनी-अपनी समस्याएं लिखित प्रार्थना पत्रों के माध्यम से आयोग सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कीं।
माननीय सदस्या सुनीता सैनी ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। जनसुनवाई के उपरांत आयोग सदस्य द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र अमानाबाद, कमालगंज का निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई और बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद राम मनोहर लोहिया अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया, जहां स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिला जेल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह , समाज कल्याण अधिकारी रेनू, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, महिला थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह, कार्यक्रम अधिकारी, आबकारी अधिकारी, परियोजना निदेशक, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं HEW के कार्मिक, जेंडर स्पेशलिस्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और प्रशासनिक स्तर पर उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा।


