– चार प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा, इंटरमीडिएट से लेकर बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
फर्रुखाबाद। जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ठण्डी सड़क परिसर में मंगलवार 10 मार्च को प्रातः 10 बजे से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनका चयन करेंगी।
आईटीआई के प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में कुल चार कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से लगभग 250 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य तकनीकी एवं सामान्य शिक्षा प्राप्त युवाओं को उद्योगों से जोड़ना और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षुता के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर सकें।
प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक अथवा बीटेक के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाना होगा। साक्षात्कार के दौरान सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय से आईटीआई परिसर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलता है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण मंच भी प्राप्त होता है।


