फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं आपदा राहत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं आपदा विभाग के अंतर्गत लाभार्थी किसानों को ‘एक क्लिक डीबीटी’ के माध्यम से क्षतिपूर्ति राशि हस्तांतरित की गई, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुकेश राजपूत, सांसद फर्रुखाबाद उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि. एवं रा.), जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सदर, उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान खरीफ 2025 में फसल क्षति का सामना करने वाले 8 किसानों को फसल बीमा क्लेम प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही 10 दिवंगत किसानों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये के कृषक दुर्घटना बीमा क्लेम से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पात्र कृषकों को मूंग और उर्द के मिनीकिट भी उपलब्ध कराए गए, जिससे वे आगामी फसलों में उन्नत बीजों का उपयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने किसानों से ‘फार्मर आईडी’ बनवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से प्राप्त हो सकेगा। साथ ही जिन किसानों का मतदाता पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें रविवार को आयोजित विशेष अभियान के तहत अपने बूथ पर जाकर नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य अतिथि ने किसानों से विशेष प्रागाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया समय से पूर्ण कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कृषक तक पहुंचाया जाएगा।


