– पैतृक क्षेत्र अमृतपुर को विकास की सौगात देने का प्रयास
– नगला हूसा गांव से जुड़ा है सांसद का नाता
यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद: जनपद की अमृतपुर तहसील में स्थित प्रसिद्ध कुठला झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इस संबंध में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने विशेष रुचि दिखाई है और क्षेत्र के विकास को लेकर अधिकारियों से चर्चा कर झील के विकास की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया है।
दरअसल सांसद रमेश अवस्थी का गृह जनपद फर्रुखाबाद है और अमृतपुर तहसील के ग्राम नगला हूसा उनका पैतृक गांव है। इसी कारण वे अपने पैतृक क्षेत्र और आसपास के इलाके को विकास की नई सौगात देने के लिए प्रयासरत हैं। माना जा रहा है कि यदि कुठला झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है तो अमृतपुर क्षेत्र को एक नई पहचान मिल सकती है।
सांसद रमेश अवस्थी का कहना है कि कुठला झील प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से न केवल क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
प्रस्तावित योजना के तहत झील के आसपास सड़क, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्क, नौकायन की सुविधा, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी सांसद की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यदि कुठला झील का समुचित विकास होता है तो अमृतपुर तहसील का यह क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख स्थल के रूप में उभर सकता है।


