19 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियां तेज, कासगंज में उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू

Must read

कासगंज: यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 (UP Board Exam) को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल मुक्त बनाने की दिशा में माध्यमिक शिक्षा परिषद (Secondary Education Council) द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिले में उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सोमवार को कासगंज तहसील क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी गईं, जबकि शेष तहसीलों में भी तय कार्यक्रम के अनुसार वितरण किया जाएगा।

जिले में इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कुल 64 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। हाईस्कूल परीक्षा में 21,717 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जिनके लिए परिषद द्वारा लगभग एक लाख उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गई हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 18,645 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 90 हजार उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिषद ने पर्याप्त संख्या में उत्तर पुस्तिकाएं भेजकर परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कमी की आशंका को समाप्त कर दिया है।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में एक बड़ा बदलाव भी किया गया है। वर्षों से प्रचलित चौड़ाई वाले फॉर्मेट की उत्तर पुस्तिकाओं के स्थान पर पहली बार लंबाई वाले फॉर्मेट की उत्तर पुस्तिकाएं लागू की गई हैं। अब परीक्षार्थी सीधे लंबाई वाले फॉर्मेट में अपने उत्तर लिखेंगे। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के डिजाइन में भी परिवर्तन किया गया है। प्रत्येक पृष्ठ पर विशेष कलर कोडिंग की गई है तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद का मोनोग्राम अंकित किया गया है, जिससे उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान और सुरक्षा और अधिक मजबूत हो सके।

वितरण कार्यक्रम के तहत कासगंज तहसील के परीक्षा केंद्रों को सोमवार को उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं। सहावर तहसील के परीक्षा केंद्रों को 3 फरवरी और पटियाली तहसील के केंद्रों को 4 फरवरी को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। इसके बाद शेष बचे विद्यालयों को 5 फरवरी को उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण निर्धारित शेड्यूल के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से अपील की है कि वे समय से उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कर लें और उन्हें सुरक्षित रूप से रखवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकल मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article