शाहजहांपुर।आगामी 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली भगवान परशुराम जन्मोत्सव शोभायात्रा को भव्य, दिव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में पूर्व शिक्षक विधायक संजय मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय पाठक एवं ब्लॉक प्रमुख कांट श्रीदत्त शुक्ला सहित विप्र समाज के प्रमुख लोगों ने विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क कर समाज के अग्रणी व्यक्तियों के साथ विचार-विमर्श किया।
इस दौरान परशुराम धाम, ग्राम पासगवां, ग्राम तोनी, ग्राम सेहरामऊ एवं साउथ सिटी क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में शोभायात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप देने, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए और आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर पूर्ण सहयोग कर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे। साथ ही सभी से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा की गरिमा बढ़ाने का आह्वान भी किया गया।
आयोजकों ने बताया कि 19 अप्रैल, रविवार को प्रातः 9:30 बजे परशुराम धाम से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से समय पर पहुंचकर भगवान परशुराम जन्मोत्सव की इस पावन यात्रा में सहभागिता निभाने की अपील की है।


