फर्रुखाबाद। भारत की जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में यह कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक प्रस्तावित है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्य हेतु मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब फील्ड ट्रेनर जनपद के सभी चार्ज स्तरों, जैसे तहसील एवं नगर निकायों पर तैनात प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व सभी चार्ज स्तरों पर प्रगणक एवं सुपरवाइजर की ड्यूटी सीएमएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कर ली जाए। उन्होंने समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कार्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जनपद में यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की जा सके।


