गोंडा| प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गोंडा–लखनऊ रेल मार्ग पर पिपरी गांव के पास एक युवती ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि घटनास्थल से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर उसके प्रेमी का शव एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।
मृतका की पहचान लक्ष्मी मौर्य (20 वर्ष) निवासी गुलरिहा, थाना विशेश्वरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। वहीं मृतक युवक नीरज मौर्य (25 वर्ष) निवासी बखरिया झाला, थाना कौड़िया बताया गया है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है, जो अंततः मौत के दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गया।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को लक्ष्मी घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर विशेश्वरगंज थाने में नीरज के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद 24 दिसंबर को बहराइच में मजिस्ट्रेट के समक्ष लक्ष्मी का बयान दर्ज हुआ, जिसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए नीरज के साथ अपनी मर्जी से रहने की बात कही थी। बयान के बाद मामला शांत होता दिख रहा था, लेकिन कुछ ही दिनों में यह प्रेम कहानी एक भयावह त्रासदी में बदल गई।
बृहस्पतिवार शाम रेलवे कर्मचारियों ने पिपरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान लक्ष्मी मौर्य के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस ने जब आसपास का इलाका खंगाला, तो ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से नीरज मौर्य का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। युवक के जूतों में खून के निशान पाए गए, जिससे घटना की भयावहता और बढ़ गई।
इस मामले में इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवती ने पहले ट्रेन से कटकर आत्महत्या की, जिसके बाद प्रेमी ने खुद को फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज के सामने प्रेम, सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





