लखनऊ: उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने उपभोक्ताओं को अधिक कुशल, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से 1912 ग्राहक सेवा केंद्र की शिकायत प्रणाली का नया संस्करण लागू करने की घोषणा की है।
इस तकनीकी अपग्रेड के दौरान, शुक्रवार आधी रात 2 बजे से लेकर शनिवार शाम 4 बजे तक उपभोक्ताओं की डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। प्रभावित सेवाओं में UPPCL की वेबसाइट, मोबाइल एप, व्हाट्सएप चैटबॉट और SMS आधारित शिकायत सेवाएं शामिल हैं।
यूपीपीसीएल अधिकारियों ने कहा कि इस अपग्रेड के बाद उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और भी सरल और तेज़ होगी। अपग्रेड पूरा होने के बाद, आम उपभोक्ता शाम 4 बजे के बाद 1912 पर कॉल करके अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे।
इस सुधार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को वास्तविक समय में समस्या समाधान, बेहतर फीडबैक और पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराना बताया गया है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए क्षमा याचना की है और कहा कि सुधार का लाभ लंबी अवधि में उपभोक्ताओं को मिलेगा।





