24 C
Lucknow
Wednesday, April 8, 2026

शोभायात्रा से पहले पोस्टरों से छेड़छाड़, कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं में आक्रोश

Must read

 

संभल
थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव खानपुर सराय उर्फ आलमपुर में भगवान महर्षि कश्यप और भगवान निषाद राज की प्रस्तावित शोभायात्रा से पहले विवाद की स्थिति बन गई है। असामाजिक तत्वों द्वारा लगाए गए प्रचार पोस्टरों पर गोबर पोतने और काला तेल डालने की घटना से स्थानीय लोगों और निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।

निषाद पार्टी युवा के जिलाध्यक्ष प्रेमलाल कश्यप के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे गांव के कुछ लोगों ने शोभायात्रा और स्वागत कार्यक्रम से जुड़े पोस्टरों को नुकसान पहुंचाया। पोस्टरों पर गोबर और काला तेल लगाया गया, वहीं कुछ पोस्टरों को फाड़ भी दिया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इस घटना के बाद अगले ही दिन पूर्व प्रधान हरिराम कश्यप सहित अन्य लोगों ने थाना पुलिस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया, लेकिन 48 घंटे बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं और प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

गौरतलब है कि 8 अप्रैल को गांव में भगवान महर्षि कश्यप और भगवान निषाद राज की शोभायात्रा निकाली जानी है। इस कार्यक्रम में डॉ. संजय निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले हैं, जिससे कार्यक्रम को लेकर पहले से ही तैयारियां चल रही हैं।

अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है, ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके और शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article