33.4 C
Lucknow
Thursday, March 5, 2026

पटना में सियासी हलचल तेज: नई सरकार के गठन पर मंथन

Must read

– नीतीश कुमार और अमित शाह की अहम बैठक, सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज
– नीतीश कुमार के बेटे को डिप्टी सीएम बनाए जाने की प्रबल संभावना

पटना। बिहार की राजनीति इन दिनों बेहद अहम मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है। राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार पटना स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में दोनों नेताओं की मुलाकात होने वाली है। इस बैठक में बिहार की राजनीतिक स्थिति, सरकार के गठन और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, भाजपा नेता नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी बैठक में मौजूद रहने की खबर है।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही भाजपा नेता नितिन नवीन ने भी राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। इन घटनाक्रमों के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन की अटकलें और तेज हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार में नई सरकार का गठन किया जा सकता है। इसी को लेकर भाजपा और जदयू के बीच बातचीत का दौर चल रहा है।

सूत्रों की मानें तो नई सरकार के गठन की स्थिति में नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भी सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। यहां तक कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में चल रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

फिलहाल पटना में होने वाली इस अहम बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति की दिशा और तस्वीर दोनों काफी हद तक स्पष्ट हो सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article