– प्रेमनगर में दबिश के दौरान बवाल, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार; एक फरार
फर्रुखाबाद। होली के त्योहार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने निकली पुलिस टीम पर अचानक हमला हो गया। अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर दबिश देने पहुँची पुलिस पर आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार दरोगा बलवीर सिंह अपने हमराह सिपाही विनीत कुमार, बब्लू कुमार तथा महिला कांस्टेबल हेमा के साथ होलिका दहन के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि प्रेमनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी दुकान से अवैध देशी शराब बेच रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर ने बताया कि विजय राजपूत और उसकी पत्नी मीना कई दिनों से गोदाम के पास अपनी दुकान से अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं। पुलिस टीम ने हिकमत-ए-अमली अपनाते हुए दुकान पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जैसे ही पुलिस ने पूछताछ शुरू की, तभी स्थिति अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि विजय राजपूत, उसकी पत्नी मीना, बेटा अजय, बेटियां सौम्या और अंजू तथा पड़ोसी सनी कश्यप पुलिस टीम पर ही हमलावर हो गए। सभी ने मिलकर दरोगा और पुलिस कर्मियों पर लात-घूंसों से हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हंगामा करने लगे।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी लगातार झगड़ा करते रहे और पुलिस को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए विजय राजपूत, मीना, अंजू, सौम्या और सनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अजय मौके से फरार हो गया।
हंगामे के कारण मौके पर दुकान की तलाशी नहीं हो सकी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


