फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ के प्रसिद्ध भारत माता मंदिर (Bharat Mata Temple) और एनआई चर्च में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। दोनों मामलों में संलिप्त दो अपराधियों को पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान सहित गिरफ्तार (arrested) कर लिया। इस कार्रवाई से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बने सवालों पर पुलिस ने अपनी सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा— “अपराधी चाहे कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
भारत माता मंदिर के महंत ने थाना फतेहगढ़ में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट और दान पात्रों का ताला तोड़कर लगभग 10,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। इसी प्रकार, एनआई चर्च में भी चोरी की घटना सामने आई थी, जिसकी रिपोर्ट पादरी मनोज कुमार ने दर्ज कराई थी। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सर्विलांस, एसओजी और कोतवाली टीमों के साथ मिलकर जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी और दोनों अपराधियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी पंकज कुशवाहा के पास से ₹2070 नकद, एक बस्ता, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, बबलू शर्मा उर्फ बबलू जोशी के पास से पीली धातु का एक गुलदस्ता, पीली धातु का एक प्याला, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीओ सिटी के अनुसार, दोनों अभियुक्तों पर पहले से भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और ये चोरी की वारदातों में लिप्त रहे हैं।
इस सफल अनावरण में कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह, एसओजी प्रभारी सचिन चौधरी व टीम, सर्विलांस प्रभारी संत कुमार व उनकी टीम शामिल रही।पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके माध्यम से अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर लोगों में राहत महसूस की जा रही है।


