अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना अमृतपुर में नवागंतुक थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखाते हुए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं पत्रकारों ने भाग लिया। आगामी होली पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने उपस्थित लोगों से कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, इसलिए इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक टिप्पणी या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने, जबरन रंग डालने या किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने यह भी बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने में वे पुलिस का साथ देंगे।
अंत में थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।


