सुल्तानपुर lपुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय उर्फ मतऊ पांडेय की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य शूटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र शर्मा और प्रवीण कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि प्रवीण कुमार सिंह इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड था, जिसने पूरी साजिश रची थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और पल्सर बाइक बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन को लेकर चल रहा विवाद बताया गया है। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने बुधवार रात योजनाबद्ध तरीके से वारदात अंजाम दी थी।
घटना के बाद से कुड़वार थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पहले भी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है।


