इटावा| हाईवे स्थित होटल राज पैलेस में पुलिस ने छापेमारी कर दो युवतियों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। होटल मालिक कश्मीर सिंह समेत सात नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अनैतिक व्यापार अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और एक डायरी भी बरामद की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। छापेमारी के दौरान होटल से कूदकर भागने की कोशिश में एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
मामले की शुरुआत कमला नगर पिलखर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना दी कि उसके घर के बाहर संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। उसके अनुसार अंकुर शर्मा, निपेन्द्र कुमार और साहिल निवासी करनपुरा थाना कोतवाली उसके घर पहुंचे और उसकी पत्नी से अभद्रता की। विरोध करने पर तीनों पास स्थित होटल में भाग गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और सीओ सिटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और होटल की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने होटल खुलवाया तो अंदर दो युवतियां और पांच युवक मिले। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग भागकर आसपास के मकानों की छतों पर चढ़ गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया। मौके से निरोध, बीयर केन, शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद कर सील किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पुलिस ने होटल मालिक कश्मीर सिंह सहित सात नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर शर्मा, निपेन्द्र कुमार, साहिल निवासी करनपुरा, अनुज यादव, राहुल और दीपेन्द्र निवासी ग्राम कुनेरा फ्रेंड्स कॉलोनी शामिल हैं। इसके अलावा कोलकाता, पश्चिम बंगाल की दो युवतियों को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान होटल से बरामद डायरी और रजिस्टर में कई संदिग्ध प्रविष्टियां मिली हैं। डायरी में लड़कियों के नाम और उनसे संबंधित रकम का विवरण दर्ज था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति से करीब सात सौ रुपये वसूले जाते थे। इससे होटल में देह व्यापार संचालित होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार होटल में लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता था और पहले भी संदेह जताया गया था। दोनों युवतियों को पहले वन स्टॉप सेंटर भेजा गया, जहां महिला पुलिस और काउंसलर की मौजूदगी में पूछताछ की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। सीओ सिटी ने बताया कि मामले में फरार होटल मालिक की तलाश जारी है और जांच में अन्य नाम सामने आने पर अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।


