17 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

पुलिस मुठभेड़, डकैती के चार आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

Must read

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने डकैती के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान दरोगा रुक्मेश सिंह और सिपाही संजय सागर भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी टीम के साथ रविवार देर रात गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग कर रहे थे। रात करीब 1:40 बजे गांव मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगा दिया। पीछा करने पर पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

खुद को घिरता देख वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दरोगा और सिपाही घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी 12 फरवरी की रात धौराटांडा कस्बे में राइस मिलर रिहान के घर डकैती की वारदात में शामिल थे।

पूछताछ में सामने आया है कि घायल बदमाश अकरम अली और आसिफ पूर्व में हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र में भी डकैती की घटना को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अकरम अली (निवासी लभेड़ा, थाना हाफिजगंज), आसिफ, साहिल और शाहिद (तीनों निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गोंटिया, थाना बारादरी) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, दो तमंचे 315 बोर, दो कारतूस, दो खोखा और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article