फर्रुखाबाद,मोहम्मदाबाद: पुलिस (Police) ने पशु चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार (arrested) कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी, अवैध हथियार, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश उर्फ कल्लू पुत्र राम सिंह और नरेंद्र उर्फ कल्लू उर्फ लम्बे पुत्र अखिलेश, निवासी ग्राम गणेशपुर गढ़िया, थाना मोहम्मदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने जनवरी माह में थाना क्षेत्र के ग्राम कुशैली और दुर्गुपुर से भैंस व पड़िया चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी किए गए पशुओं को बेचकर मिली रकम को आपस में बांट लिया गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3850 रुपये नकद, दो अवैध देशी तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में अभियुक्तों ने पशु चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त दिनेश उर्फ कल्लू के खिलाफ पूर्व में डकैती, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और चोरी सहित करीब 9 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नरेंद्र उर्फ लम्बे के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट, आईपीसी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।


