संभल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 19 साल से फरारी काट रहे कासिम को पुलिस ने ईद के मौके पर घर लौटने पर दबोच लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कासिम पुत्र मुशाहिद, निवासी मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा, थाना नखासा क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कासिम को वर्ष 2002 में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अवैध तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जेल से छूटने के बाद वह वर्ष 2007 में फरार हो गया था।
फरार होने के बाद से ही कासिम के खिलाफ कोर्ट से लगातार स्थायी वारंट जारी हो रहे थे। पुलिस उसकी तलाश में लगातार प्रयासरत थी, लेकिन वह हर बार पकड़ से बच निकलता था। इस बीच उसने अपनी पहचान छिपाकर देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर समय बिताया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि फरारी के दौरान कासिम मुंबई और गुजरात के कई शहरों में रहा। वहां उसने मजदूरी की और बिजली फिटिंग का काम भी सीखा। वह समय-समय पर त्योहारों के दौरान चोरी-छिपे अपने घर आता था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लग पाती थी।
इस बार ईद का त्योहार मनाने के लिए वह अपने घर पहुंचा था। पुलिस को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद थाना नखासा प्रभारी संजीव बालियान के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे रिठाली बाईपास से गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि कासिम पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले 19 वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


