तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का जनरेटर व तांबे का सामान बरामद
लखनऊ। बख्शी का तालाब थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी बाराबंकी जनपद के कंजवारा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया जनरेटर और तांबे का सामान बरामद किया गया है। यह जनरेटर गोदावरी टावर से सटे परिसर में रखा हुआ था, जिसे चोरों ने निशाना बनाया था।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मामपुर बाना कट, किसान पथ के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी अन्य चोरी की घटनाओं में तो शामिल नहीं रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।






