मुरादाबाद। शहर के लोको सेड पुल के पास देर रात अज्ञात बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एटीएम मशीन को उखाड़कर ले जाने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर उसे धुंधला कर दिया, जिससे उनकी पहचान संभव न हो सके। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इससे पहले भी बदमाशों ने गलशहीद इलाके में एक अन्य एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन सफल न होने पर वे लोको सेड पुल के पास स्थित मशीन को निशाना बनाकर उसे उखाड़ ले गए।
घटना के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। एसपी सिटी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। बैंक प्रबंधन से एटीएम में मौजूद नकदी का पूरा ब्योरा मांगा गया है।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी सर्विलांस और उपलब्ध फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा। वारदात के बाद बैंक और पुलिस विभाग दोनों में गहरी चिंता व्याप्त है।





