47वें आसियान शिखर सम्मेलन में वर्चुअली शामिल होंगे, मलयेशिया के पीएम ने दी शुभकामनाएं

0
35

नई दिल्ली। मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बुधवार को पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में कुआलालंपुर में होने वाले 47वें आसियान शिखर सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से नहीं जाएंगे और वर्चुअली इसमें शामिल होंगे। अनवर इब्राहिम ने बताया कि यह निर्णय भारत में चल रहे दीपावली समारोह के कारण लिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इस फैसले का सम्मान करते हुए भारत और उसके लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

मलयेशियाई प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने भारत के सहयोगी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों पर चर्चा की। अनवर ने कहा कि भारत व्यापार और निवेश के क्षेत्र में मलयेशिया का महत्वपूर्ण साझेदार है और प्रौद्योगिकी, शिक्षा एवं क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्रों में भी दोनों देश करीबी सहयोगी बने हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर कहा कि उन्होंने अपने मलयेशियाई समकक्ष के साथ गर्मजोशी से बातचीत की और आसियान-भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं।

गौरतलब है कि 47वें आसियान शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मलयेशिया आएंगे। इसके अलावा ट्रंप दक्षिण कोरिया और जापान की यात्रा करेंगे, जहां उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात होगी। ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ होने वाली बैठक फिलहाल रद्द कर दी है।

आसियान-भारत के संबंध 1992 में क्षेत्रीय साझेदारी के साथ शुरू हुए और 2012 में इन्हें रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया। आसियान के 10 सदस्य देश इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत और आसियान के बीच द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका मुख्य उद्देश्य व्यापार, निवेश और सुरक्षा क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here