15 C
Lucknow
Tuesday, February 3, 2026

फूलापुर में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी और रिश्तेदार निकले कातिल

Must read

 

मैनपुरी

थाना बरनाहल क्षेत्र स्थित गांव फूलापुर में 26 जनवरी की रात हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस निर्मम वारदात को अंजाम देने वाले कोई बाहर के नहीं, बल्कि मृतक का पड़ोसी और परिवार का ही एक रिश्तेदार निकला। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और लाखों रुपये के जेवर की लूट का मकसद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, गांव फूलापुर निवासी महेश चंद्र और उनकी पत्नी अनीता देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी ग्रामीण राहुल मिठास के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह की टीम ने जांच शुरू की। सर्विलांस, फोरेंसिक टीम और अन्य पुलिस इकाइयों को भी लगाया गया।
जांच में सामने आया कि हत्या महेश चंद्र के पड़ोसी आनंद ने मृतक के चचेरे भाई के दामाद अर्जुन निवासी नगला राय, थाना घिरोर के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया जेवर, वारदात में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी आनंद ने बताया कि उसके परिवार की एक लड़की अन्य जाति के युवक के साथ चली गई थी, जिसको लेकर महेश चंद्र और उसके परिजन उसे लगातार ताने देते थे। इसी बात को लेकर उसके मन में गहरी रंजिश थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि महेश चंद्र के छोटे बेटे की शादी होने वाली है और घर में लाखों रुपये के जेवर रखे हैं। इसी लालच और बदले की भावना में उसने अर्जुन के साथ मिलकर हत्या और लूट की योजना बनाई।
घटना की रात दोनों आरोपी मृतक के भाई राम लखन के मकान के पीछे से सीढ़ी लगाकर चढ़े और महेश चंद्र के घर में दाखिल हुए। हॉल में सो रहे महेश चंद्र को आनंद ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी अनीता देवी जाग गईं, तो उनके चिल्लाने से पहले ही अर्जुन ने उनके सिर के पास से गोली मार दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने घर में रखे जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।
पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है। इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे से जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं गांव में फैले भय और आक्रोश का माहौल भी धीरे-धीरे शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article