सीतापुर। जिले के रेउसा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक हिस्ट्रीशीटर का शव उसके ही खेत में पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बुचऊ उर्फ रामजीवन के रूप में हुई है, जो क्षेत्र का टॉप हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुचऊ उर्फ रामजीवन सोमवार को घर से किसी पेशी के लिए निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसका शव खेत में एक पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
मृतक के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हिस्ट्रीशीटर का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में सनसनी


