24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

संदिग्ध हालात में पेट्रोल पंप सेल्समैन की मौत

Must read

 

 

सिर में गोली लगने से गई जान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मैनपुरी

औंछा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेट्रोल पंप सेल्समैन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान नगला कंचन निवासी 35 वर्षीय गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो जसराना रोड स्थित नगला दुर्जन के पास एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार गुरुवार रात ड्यूटी के दौरान पेट्रोल पंप पर ही सोया था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उसका शव पेट्रोल पंप से लगभग 300 मीटर दूर एक खेत में रक्तरंजित अवस्था में मिला। उसके सिर में गोली लगी हुई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास ही एक तमंचा भी बरामद हुआ है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
सूचना मिलते ही औंछा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि होली के दौरान हुए किसी विवाद के चलते गौरव की गोली मारकर हत्या की गई है। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना औंछा के इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गोली लगने से मौत का है, लेकिन यह आत्महत्या है या हत्या, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
फिलहाल इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस की टीमें मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article