लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि ‘गैंग’ की तरह काम कर रही है और सपा को बदनाम करने के लिए लगातार षड्यंत्र रच रही है।
अखिलेश यादव बुधवार को डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित ‘डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और इसे मजबूत करने के लिए संवाद, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों का जीवन संकट में है और राजनीति में सकारात्मक दिशा केवल पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के रास्ते से ही तय हो सकती है। बिना स्पष्ट विचारधारा और सकारात्मक सोच के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।
सपा प्रमुख ने कहा कि सोशलिस्ट विचारधारा का आधार समाज और सामाजिक न्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में जनता में हताशा और निराशा बढ़ी है तथा प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्ष के सामने चुनौतियां खड़ी की जा रही हैं।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अनुशासन और सादगी बनाए रखें तथा किसी को उकसाने वाली भाषा का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने सिद्धांतों पर अडिग है और कभी समझौता नहीं करती।
उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार ने लैपटॉप वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया, जबकि भाजपा डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा के ‘कुप्रचार’ और अफवाहों से सावधान रहें और सच के साथ मजबूती से खड़े रहें।


