22.5 C
Lucknow
Tuesday, February 24, 2026

होली व रमजान को लेकर कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक

Must read

जलालाबाद: आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार अनुराग दुबे ने की, जबकि संचालन अपराध कोतवाल रवि शंकर यादव ने किया।

बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि होली और रमजान जैसे पवित्र पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।

तहसीलदार अनुराग दुबे ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपराध कोतवाल रवि शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, डीजे पर अश्लील गाने बजाने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नमाज और जुलूस के समय यातायात व्यवस्था में सहयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर के प्रमुख चौराहों, मस्जिदों और मंदिरों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। विद्युत, जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शकील अहमद पूर्व पालिका अध्यक्ष मनेन्द्र गुप्ता भाजपा नेता मनमोहन द्विवेदी सभासद अक्षत मोहन शर्मा फाजिल खान गोपाल गुप्ता संभ्रांत लोग मौजूद रहे

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article