साल 2026 में यूपी को मिलेंगे 1200 से अधिक नए पीसीएस अधिकारी

0
44

लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से चल रही दो प्रमुख भर्ती प्रक्रियाओं पीसीएस-2024 और पीसीएस-2025 के पूरा होने के बाद आगामी वर्ष 2026 में प्रदेश को 1200 से अधिक नए पीसीएस अधिकारी मिलने की उम्मीद है। आयोग ने दोनों भर्तियों की प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की तैयारी तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पीसीएस-2024 के 947 पदों पर भर्ती की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अंतिम चरण में है। आयोग सूत्रों ने बताया कि स्क्रूटनी का काम जारी है और मुख्य परीक्षा का परिणाम नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले पखवाड़े तक घोषित किया जा सकता है। इसके बाद अभ्यर्थियों से पदों के सापेक्ष विकल्प लिए जाएंगे और जनवरी-फरवरी 2026 में साक्षात्कार आयोजित होने की संभावना है। अंतिम परिणाम मार्च के अंत तक जारी किए जाने की उम्मीद है।वहीं, पीसीएस-2025 के अंतर्गत फिलहाल 200 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है, लेकिन आयोग सूत्रों के अनुसार यह संख्या बढ़कर 250 से अधिक हो सकती है। प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी पर आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं और विशेषज्ञों से जवाब मांगे गए हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नवंबर माह में ही प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने की संभावना है। आयोग फरवरी-मार्च में मुख्य परीक्षा कराने की तैयारी में है, ताकि चयन प्रक्रिया 2026 में पूरी की जा सके।आयोग के प्रावधानों के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम आने तक यदि विभागों से नए पद अधियाचित होते हैं, तो उन्हें भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है। इसी तरह पीसीएस-2024 में विज्ञापन के समय मात्र 220 पदों की घोषणा हुई थी, जो परिणाम आने तक बढ़कर 947 पद हो गई। ऐसे में पीसीएस-2025 में भी पदों की संख्या बढ़ने की पूरी संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here