पत्रकार पर जानलेवा हमले की साजिश बेनकाब, पांच आरोपी दबोचे,पीछा कर की गई थी फायरिंग

0
33

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पत्रकार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लग्जरी गाड़ियों से पीछा कर फायरिंग किए जाने की इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा थार, टाटा सफारी और सेलेरियो कार बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है और मामला गंभीरता से जांच में है।

पीड़ित मोहनलालगंज निवासी पत्रकार मुकेश द्विवेदी ने बताया कि गुरुवार शाम वह अपने साथी हिमांशु रावत के साथ सर्विस सेंटर से स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर लौट रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे जब वे बीसीसी हाइट्स की ओर बढ़ रहे थे, तभी तीन गाड़ियों में सवार युवकों ने उनकी कार को जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश की। पीछा करते हुए बदमाशों ने हवाई फायरिंग, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दीं। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों के नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और पीजीआई से लेकर घटना स्थल तक लगे 60–70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर तीनों गाड़ियों और आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांच अभियुक्तों—हरिनाम उर्फ राहुल, चंदन भट्ट, अमित मिश्रा, विनीत तिवारी और अभिषेक तिवारी—को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि अभिषेक तिवारी इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता है, जो क्षेत्रीय नेता भी बताया जा रहा है। पुरानी रंजिश के चलते उसने पूरी घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। पीड़ित ने एक पुराने विवाद में अभिषेक के विरोधी पक्ष का समर्थन किया था, जिससे नाराज होकर उसने यह हमला करवाया।

लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर फायरिंग और पीछा करने की इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया था। पुलिस की तत्परता से मामले का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब पूरे प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here