37.1 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

पकौड़ी लेने उतरा पति, बस से गायब हो गई नवविवाहिता; प्रेमी के साथ भागने की आशंका

Must read

मुरादाबाद। जनपद में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद ही एक नवविवाहिता अपने पति को बीच रास्ते में छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। घटना के बाद पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी के किसी युवक के साथ भाग जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अमरोहा निवासी प्रीतम सिंह की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। होली के बाद वह अपनी पत्नी को विदा कराकर घर वापस ला रहे थे। दोनों बस से सफर कर रहे थे। रास्ते में बस मुरादाबाद के बिलारी रोडवेज बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए रुकी। इसी दौरान पत्नी ने पति से पकौड़ी खाने की इच्छा जताई।
पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए प्रीतम सिंह बस से उतरकर पास की दुकान से पकौड़ी लेने चले गए। जब वह कुछ देर बाद वापस बस में लौटे तो अपनी सीट पर पत्नी को न पाकर हैरान रह गए। उन्होंने बस के अंदर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन पत्नी का कहीं कोई पता नहीं चला।
प्रीतम सिंह ने बस में मौजूद यात्रियों से पत्नी के बारे में पूछताछ की। यात्रियों ने बताया कि महिला काफी देर से किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। बातचीत करते-करते वह बस से नीचे उतर गई और उसके बाद वापस नहीं आई। जब प्रीतम ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन भी स्विच ऑफ मिला।
घटना के बाद परेशान पति थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। अपनी शिकायत में प्रीतम सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी का पहले से ही गांव सागरपुर निवासी इमरान नाम के युवक से प्रेम संबंध था। उसे शक है कि उसकी पत्नी उसी युवक के साथ भाग गई है।
पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किस दिशा में गई और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और सभी संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना की चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल गई है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article