25.5 C
Lucknow
Sunday, April 5, 2026

फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर यात्रियों ने उठाई आवाज, रेलवे मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Must read

 

फतेहपुर में भारतीय रेलवे बोर्ड के सलाहकार के निरीक्षण के दौरान यात्रियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार तरीके से आवाज उठाई। इस दौरान उन्होंने रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव सहित कई सुविधाओं की मांग की।

यात्रियों ने बताया कि फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर रात 1 बजे से सुबह 10 बजे तक कानपुर जाने के लिए कोई भी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं रुकती। इसी तरह शाम 6:30 बजे से रात 1 बजे तक प्रयागराज जाने के लिए भी किसी एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित ठहराव नहीं है। इस कारण दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में यात्रियों ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस (12561) और महाबोधि एक्सप्रेस (12398) के फतेहपुर स्टेशन पर कम से कम दो मिनट के ठहराव की मांग की। उनका कहना है कि इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान का भी प्रतीक होगा।

इसके अलावा, शादीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) बनाने की मांग भी उठाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता है। ओवरब्रिज बनने से यातायात सुगम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।

ज्ञापन में फतेहपुर रेलवे स्टेशन को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान देने का भी प्रस्ताव रखा गया। इसमें जिले के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, श्याम लाल गुप्त ‘पार्षद’ के योगदान को दर्शाने वाली वॉल पेंटिंग और भृगुधाम भिटौरा व ओम घाट जैसे प्रमुख स्थलों के चित्रण की मांग शामिल है।

रेलवे बोर्ड के सलाहकार ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि सभी मांगों को रेलवे मंत्री तक पहुंचाया जाएगा और उनके समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर आलोक विश्वकर्मा, अभिषेक सिंह, विवेक कुमार, जियान अहमद, शिवबरन, अनुज कुमार और आलोक त्रिपाठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।.

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article